धमतरी में कांग्रेसी पार्षदों का अनोखा प्रदर्शन, पोस्टर लेकर जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में कांग्रेसी पार्षदों का अनोखा प्रदर्शन, पोस्टर लेकर जताया विरोध


धमतरी, 17 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम की खराब आर्थिक स्थिति को लेकर कांग्रेसी पार्षदों ने शुक्रवार को पेट्रोल पंप के सामने अनोखा प्रदर्शन किया। पेट्रोल-डीजल के बकाया भुगतान को लेकर पार्षदों ने हाथों में स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर विरोध जताया और निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन के दौरान पार्षदों ने “रामू राज का यही हाल, डीजल के बगैर निगम बेहाल” और “हम आपके कर्जदार हैं नगर निगम” जैसे नारे लिखकर निगम की हालत को सार्वजनिक किया।

उनका कहना है कि पेट्रोल पंप संचालक को पिछले एक साल से भुगतान नहीं किया गया, जिसके कारण उसे लगातार निगम कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पार्षदों ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन वास्तविकता यह है कि रोजमर्रा के खर्च तक पूरे नहीं हो पा रहे हैं। डीजल के अभाव में शहर की सफाई व्यवस्था, बिजली और पानी की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि निगम की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर हो चुकी है और यह भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी का केंद्र बनता जा रहा है।

महापौर पर आरोप लगाते हुए पार्षदों ने कहा कि वे शहर की बजाय ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर फोटो खिंचवाकर श्रेय लेने में लगे हैं, जबकि शहर की मूलभूत सुविधाएं चरमराई हुई हैं। पार्षदों का यह भी आरोप रहा कि निगम के भीतर तालमेल की कमी है और अब सत्ताधारी दल के पार्षद भी असंतोष जताने लगे हैं। प्रदर्शन के जरिए उन्होंने निगम प्रशासन से जल्द बकाया भुगतान करने और व्यवस्थाओं को सुधारने की मांग की।

इस प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, योगेश लाल, सुमन मेश्राम, पूर्णिमा गजानंद रजक और भागी ध्रुव सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story