कांग्रेस-भाजपा के कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान भिड़े, पुलिस ने छाेड़े आंसू गैस व तेज पानी की बोछार
रायपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शन का असर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर में भाजपा और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता के बीच झूमा-झटकी की नौबत आ गई। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए आंसू गैस छोड़ने के साथ तेज पानी की बौछार करना पड़ा।
राजधानी रायपुर में दिल्ली में नीट पेपर लीक के मामले में राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के प्रधानमंत्री आवास के सामने मंगलवार रात किए गए प्रदर्शन का असर आज देखने को मिला। एक तरफ जहां भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाने का मामला बताते हुए कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन की ओर कूच किया। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर की ओर कूच किया।
पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए पहले ही योजना बनाते हुए शंकर नगर में बैरिकेडिंग कर कांग्रेस को रोकने की योजना बनाई थी। दूसरी तरफ भाजपा कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। राजीव भवन के समक्ष भाजपा के विरोध-प्रदर्शन के दौरान एक समय ऐसा भी आया, जब दोनों पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। यहां पर स्थिति को संभालने पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ-साथ तेज पानी की जबरदस्त बौछार भी करनी पड़ी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

