सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, दीपक बैज ने जांच की मांग उठाई

WhatsApp Channel Join Now
सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, दीपक बैज ने जांच की मांग उठाई


रायपुर, 17 अक्टूबर (हि. स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश में सड़कों की बदहाली को लेकर भाजपा सरकार और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) पर निशाना साधा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि, प्रदेशभर में सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं और निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी के कारण जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दीपक बैज ने कहा कि, राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर और सरगुजा तक सड़कों की स्थिति खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि, सड़क निर्माण में घटिया डामर का इस्तेमाल हो रहा है, जिसके कारण सड़कें कुछ ही समय में खराब हो जाती हैं। उनके मुताबिक, सड़कों की बदहाली से आम लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। धूल और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।

सरकार की समयसीमा पर उठाए सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल किया कि, सरकार ने सड़कों की मरम्मत के लिए 15 अक्टूबर तक की समयसीमा तय की थी, लेकिन अब तक इसका क्या परिणाम निकला? उन्होंने पूछा कि यदि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ है, तो संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने सड़क मरम्मत और पैचवर्क के लिए जारी राशि के उपयोग पर भी सवाल उठाए।

बैज ने आरोप लगाया कि, पीडब्ल्यूडी में टेंडर प्रक्रिया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी में पारदर्शिता की कमी है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण वाहनों का रखरखाव खर्च बढ़ रहा है और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है।

जवाबदेही तय करने की मांग

दीपक बैज ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण और शहरी सड़कों के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता दिए जाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि, वर्तमान सरकार को सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करानी चाहिए।

कांग्रेस ने सड़क मरम्मत में खर्च की गई राशि का हिसाब सार्वजनिक करने, जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई करने तथा सड़क दुर्घटनाओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762807 Articles

Share this story