कांग्रेस नेता की हत्या पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, दीपक बैज बोले- बिगड़ती कानून व्यवस्था से अपराधी बेखौफ

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस नेता की हत्या पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, दीपक बैज बोले- बिगड़ती कानून व्यवस्था से अपराधी बेखौफ


रायपुर, 4 अगस्त (हि.स.)। दुर्ग जिले में कांग्रेस नेता प्रकाश कश्यप की हत्या के बाद प्रदेश कांग्रेस ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि, प्रदेश में अपराध और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं तथा पुलिस और सरकार अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है।

दीपक बैज ने कहा कि, दुर्ग के जेवरा सिरसा में कांग्रेस नेता प्रकाश कश्यप की घर जाते समय लूट की नीयत से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि, जांजगीर-चांपा में लिफ्ट मांगने के बहाने लूट का प्रयास और विरोध करने पर युवक की हत्या, वहीं बिलासपुर में नकाबपोशों द्वारा शराब दुकान में हमला कर गार्ड को बंधक बनाकर लूट जैसी घटनाएं प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का उदाहरण हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि, राज्य में हत्या, लूट, बलात्कार और चाकूबाजी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल है और महिलाएं भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।

बैज ने सक्ती में युवती की हत्या, कोरिया के सोनहत में चार लोगों को जिंदा जलाने, जैजेपुर में दो भाइयों की हत्या और पेण्ड्रा क्षेत्र में सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार पर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि, प्रदेश में नशे के कारोबार को मिल रहे संरक्षण के कारण हिंसक घटनाएं बढ़ रही हैं। अवैध शराब, नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने में सरकार विफल रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़े हैं।

दीपक बैज ने यह भी आरोप लगाया कि, अपराधी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर दहशत फैला रहे हैं और पुलिस इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में गोलीबारी, चाकूबाजी और गैंगवार की घटनाएं चिंता का विषय हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से कानून व्यवस्था सुधारने और अपराधों पर तत्काल नियंत्रण लगाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story