कांग्रेस स्मार्ट मीटरों को उखाड़ फेंकने का कार्य जल्द शुरू करेगी - सुशील मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस स्मार्ट मीटरों को उखाड़ फेंकने का कार्य जल्द शुरू करेगी - सुशील मौर्य


जगदलपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बिजली बिल बढ़ोत्तरी एवं स्मार्ट मीटर से उत्पन्न समस्याओं से जूझ रहे आम उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान हेतु धरमपुरा स्थित बिजली विभाग व पॉवर हाउस चौक स्थित बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष कांग्रेस प्रतिनिधियों के द्वारा जनसहायता एवं शिकायत पंजीकरण अभियान जारी रखा गया है। इस दौरान जनसहायता केंद्र में पहुंचे उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। बढ़े हुए बिजली बिल, स्मार्ट मीटर की अनियमितताओं तथा अन्य शिकायतों के संबंध में शिकायत प्रपत्र भरवाकर विरोध दर्ज कराया गया।

इस दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा प्रदेश में भाजपा की साय सरकार जनता की खुली लूट में लगी हुई है। चाहे स्मार्ट मीटर की बाध्यता हो या बिजली बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी, आम नागरिक विशेषकर गृहणियां घर चलाने में भारी परेशानियों का सामना कर रही हैं। महतारी वंदन योजना के नाम पर महिलाओं को प्रति माह मात्र 1000 रुपये दिए जा रहे हैं, लेकिन उसी योजना के बहाने स्मार्ट मीटर लगाकर और बिजली बिल बढ़ाकर सरकार उसका दोगुना पैसा वापस वसूल रही है। यह जनता के साथ सीधा धोखा और पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने की साजिश है। उन्हाेने कहा कि अगर सरकार जनता की आवाज नहीं सुनती और स्मार्ट मीटर थोपने का सिलसिला जारी रखती है, तो कांग्रेस जरूरत पड़ने पर आम जनमानस के साथ मिलकर इन पूंजीपति-हितैषी स्मार्ट मीटरों को उखाड़ फेंकने का कार्य जल्द शुरू करेगी।

इस दौरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन,पूर्व महापौर जतिन जायसवाल,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,जिला महामंत्री अमर नाथ सिंह,अनुराग महतो,गौरनाथ नाग,एम वेंकट राव,पार्षद गौतम पाणिग्रही,अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोजविन दास,शुभम यदू,विक्की निषाद,राजू बघेल,आदर्श दलाई,युकां उपाध्यक्ष वैभव नेताम,हेमंत पांडे,इंदर झझ,एन एस यू आई अध्यक्ष विशाल खंबारी,उस्मान रज़ा,कर्तव्य आचार्य,मुकेश निषाद,जगदीश निषाद आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story