कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल 12 जुलाई को समाप्त

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल 12 जुलाई को समाप्त


जगदलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल 12 जुलाई को समाप्त हो रहा है। आदिवासी चेहरे के रूप में उभरे बैज का यह तीन साल का सफर में उनके खाते में एक बड़ी कड़वाहट यह दर्ज हो गई कि वे अपनी पूर्ण ''कार्यकारिणी'' तक नहीं बना पाए।

राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत जैसे दिग्गज नेताओं के अपने-अपने खेमे हैं। इन गुटों के बीच सामंजस्य बैठाना बैज के लिए टेढ़ी खीर साबित हुआ और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष का 10 उपाध्यक्ष, 23 महामंत्री समेत 252 सदस्यों वाली पूर्ण कार्यकारिणी का सपना, सपना ही रह गया। अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं अगला अध्यक्ष कौन होगा?

एक तरफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की कतार में टीएस सिंहदेव, डा. चरणदास महंत, भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री डा. शिवकुमार डहरिया व उमेश पटेल के नाम की चर्चा है, तो दूसरी तरफ सियासी गलियारों में यह चर्चा गर्म है कि उन्हें फिर से मौका मिल सकता है। इसकी मुख्य वजह राहुल-प्रियंका के साथ उनकी करीबी बताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि जुलाई 2023 में जब दीपक बैज को कमान सौंपी गई थी, तब पार्टी ने उन पर बड़ा दांव खेला था। रायपुर में हुए 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद युवा नेतृत्व को तरजीह देने की रणनीति के तहत 42 वर्षीय दीपक बैज को कुर्सी दी गई थी। हालांकि, उनके नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदर्शन उम्मीदों के विपरीत रहा। 2023 के विधानसभा चुनाव में सत्ता हाथ से निकल गई और स्वयं दीपक बैज भी अपनी चित्रकोट सीट नहीं बचा पाए। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में 11 में से महज एक सीट और नगरीय-पंचायत चुनावों में मिली लगातार हार ने संगठन की कमर तोड़ दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story