जीपीएस निगरानी में पहुंची गोपनीय सामग्री, आठ से बोर्ड की द्वितीय मुख्य परीक्षा
धमतरी, 04 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड की द्वितीय मुख्य परीक्षा आठ जुलाई से शुरू होगी। परीक्षा को लेकर जिले में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को बोर्ड कार्यालय से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गोपनीय परीक्षा सामग्री विशेष कंटेनर के माध्यम से मुख्य परीक्षा केंद्र तक पहुंचाई गई। पूरे मार्ग में कंटेनर की जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए लगातार निगरानी की गई, जिससे सामग्री की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित की जा सके।
बोर्ड से गोपनीय सामग्री लेने नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर बी एक्का, जिला शिक्षा विभाग से सहायक संचालक आर एन मिश्रा, परीक्षा शाखा के लेखन साहू पहुंचे थे। गोपनीय सामग्री को मुख्य परीक्षा केंद्र शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लाया गया। जहां समन्वयक केंद्र प्रभारी एवं प्राचार्य बी मैथ्यू एवं बोर्ड की पार्टी आफिसर पूर्णिमा सहित सभी अधिकारियों की मौजूदगी में कंटेनर का इलेक्ट्रानिक लाक बोर्ड द्वारा खोला गया। इसके बाद प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया और वन टाइम लाक लगाकर स्ट्रांग रूम की विधिवत तालाबंदी कर दी गई। समन्वयक केंद्र प्रभारी बी मैथ्यू ने बताया कि छह जुलाई को जिले के सभी 10 परीक्षा केंद्रों को गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकाल के अनुरूप होगी। वितरण के समय बोर्ड के पार्टी आफिसर की मौजूदगी में वन टाइम लाक खोला जाएगा। इस दौरान नोडल अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, समन्वयक केंद्र प्रभारी की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। सामग्री वितरण की पूरी प्रक्रिया का विधिवत सत्यापन और दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम में 24 घंटे कड़ी निगरानी की व्यवस्था की गई है। स्ट्रांग रूम पर सुरक्षा कर्मियों की लगातार तैनाती रहेगी और किसी भी अनाधिकृत प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा सामग्री की गोपनीयता एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए मंडल द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके। जानकारी के अनुसार जिले में 12 वीं बोर्ड की द्वितीय मुख्य परीक्षा आठ जुलाई को हिंदी विषय से शुरू होगी। वहीं 10 वीं बोर्ड की परीक्षा नौ जुलाई को गणित विषय के साथ शुरू होगी। इस बार जिले में 10 वीं के 2014 तथा 12 वीं के 1408 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। यह परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

