सारंगढ़-बिलाईगढ़ में चाइनीज पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध, परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

WhatsApp Channel Join Now

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 अक्टूबर (हि. स.)। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में चीन निर्मित पटाखों के परिवहन, भंडारण, बिक्री, प्रदर्शन और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने पर्यावरण प्रदूषण, जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव और अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जारी यह आदेश जिले की संपूर्ण राजस्व सीमाओं में तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा।

जिला प्रशासन के अनुसार दशहरा, दीपावली सहित अन्य प्रमुख त्योहारों के दौरान पटाखों की मांग और उपयोग में काफी वृद्धि होती है। इस दौरान बाजारों में चीन निर्मित पटाखों की अवैध बिक्री और आपूर्ति की आशंका बनी रहती है। विभिन्न माध्यमों से प्रशासन के संज्ञान में आया है कि त्योहारों के अवसर पर विदेशी पटाखों को अवैध रूप से बाजारों में खपाया जाता है। ऐसे पटाखों में अत्यधिक संवेदनशील और खतरनाक रसायनों का उपयोग होने से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

इसके अलावा चीन निर्मित पटाखों के अनियंत्रित भंडारण और परिवहन से गंभीर अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों और बाजारों में ऐसे पटाखों का भंडारण जनसुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकता है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा के भीतर चीन निर्मित सभी प्रकार के पटाखों का परिवहन, भंडारण, विक्रय, प्रदर्शन और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय नागरिकों की सुरक्षा, लोक स्वास्थ्य की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण और लोक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

जिला प्रशासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। आगामी आदेश जारी होने तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में चीन निर्मित पटाखों से संबंधित सभी प्रतिबंधित गतिविधियों पर रोक बनी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765200 Articles

Share this story