धमतरी जिले की तीन ग्राम पंचायतों में शुरू होगी सामुदायिक वाई-फाई सेवा, ग्रामीणों को मिलेगी डिजिटल सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी जिले की तीन ग्राम पंचायतों में शुरू होगी सामुदायिक वाई-फाई सेवा, ग्रामीणों को मिलेगी डिजिटल सुविधाएं


धमतरी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से जिले की तीन ग्राम पंचायतों अछोटा, मेघा और कसपुर में सामुदायिक वाई-फाई सेवाएं स्थापित की जाएंगी। इसके लिए कुल तीन लाख 54 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस सुविधा से ग्रामीणों को इंटरनेट आधारित सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी, वहीं विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई, शैक्षणिक वीडियो, ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म और डिजिटल अध्ययन सामग्री तक पहुंच आसान हो सकेगी।

योजना के तहत धमतरी विकासखंड की ग्राम पंचायत अछोटा, मगरलोड विकासखंड की ग्राम पंचायत मेघा और नगरी विकासखंड की ग्राम पंचायत कसपुर में वाई-फाई सेवा स्थापित की जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए 1 लाख 18 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सामुदायिक स्तर पर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को शासन की ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल जानकारी और अन्य इंटरनेट आधारित सुविधाओं का लाभ लेने में भी सहूलियत मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा मिलने के साथ ही शिक्षा और सूचना तक पहुंच के नए अवसर विकसित होंगे। योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित जनपद पंचायतों को सौंपी गई है।

कार्यालय अध्यक्ष, प्रबंधकारिणी समिति, जिला खनिज संस्थान न्यास, धमतरी द्वारा 14 अक्टूबर 2026 को जारी प्रशासकीय स्वीकृति के आधार पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी ने स्थापना कार्यों के लिए कार्यादेश जारी किए हैं। इसके तहत अछोटा में जनपद पंचायत धमतरी, मेघा में जनपद पंचायत मगरलोड और कसपुर में जनपद पंचायत नगरी के माध्यम से कार्य कराया जाएगा। कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

वाई-फाई सेवा की स्थापना निर्धारित स्थल पर शासकीय भूमि में की जाएगी तथा कार्य प्रारंभ करने से पहले आवश्यक जानकारी के साथ सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा। संबंधित जनपद पंचायतों को कार्यों की भौतिक प्रगति और व्यय का विवरण प्रतिमाह निर्धारित प्रपत्र में प्रस्तुत करना होगा। कार्य पूर्ण होने के बाद कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र, उपयोगिता प्रमाण पत्र, स्थल निरीक्षण प्रतिवेदन और जियो-टैग फोटो भी उपलब्ध कराने होंगे। स्वीकृत राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के लिए ही किया जा सकेगा तथा स्वीकृत राशि से अधिक व्यय मान्य नहीं होगा।

जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार वर्तमान समय की आवश्यकता है। सामुदायिक वाई-फाई सेवाओं से ग्रामीणों, विशेषकर विद्यार्थियों को ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री और डिजिटल सेवाओं तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित जनपद पंचायतों को निर्धारित मापदंडों और समय-सीमा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने तथा पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768015 Articles

Share this story