जापान वैज्ञानिक भ्रमण से लौटीं छात्राओं का विद्यालय परिवार ने किया सम्मान
धमतरी, 08 जुलाई (हि.स.)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसमर्रा की दो प्रतिभावान छात्राओं के जापान वैज्ञानिक भ्रमण से लौटने पर विद्यालय परिवार द्वारा आज स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित छात्राएं सुनैना साहू पुत्री सदा राम साहू एवं समीक्षा साहू पुत्री स्व. भूषण लाल साहू ने जापान में वैज्ञानिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अध्ययन कर जिले का नाम रोशन किया है।
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद देशभर के चयनित 56 विद्यार्थियों में छत्तीसगढ़ के पांच विद्यार्थियों को स्थान मिला था। इनमें धमतरी जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसमर्रा की दोनों छात्राओं का चयन जापान के सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम के अंतर्गत वैज्ञानिक भ्रमण के लिए हुआ। समीक्षा साहू का चयन शासकीय माध्यमिक शाला कोसमर्रा की निर्देशक शिक्षिका कविता सिन्हा के मार्गदर्शन में एवं सुनैना साहू का चयन शासकीय माध्यमिक शाला देवरी के निर्देशक शिक्षक लक्ष्मीकांत साहू के निर्देशन में हुआ।
जापान प्रवास के दौरान इन छात्राओं ने स्कूल आफ इकोनामिक्स, द यूनिवर्सिटी आफ टोक्यो, स्पेस डोम जैक्सा, विश्व के सबसे बड़े टीवी टावर, मैकई हाई स्कूल और आशाकुशा टेंपल सहित विभिन्न संस्थानों का भ्रमण कर वैज्ञानिक तकनीक, शिक्षा पद्धति, संस्कृति और सामाजिक व्यवस्था का अध्ययन किया।
विद्यालय लौटने पर आयोजित सम्मान समारोह में प्राचार्य दोमन लाल साहू सहित विद्यालय के शिक्षकों ने छात्राओं का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर चैतराम साहू, पुष्पेंद्र कुमार गुरु, बालकृष्ण साहू, वासुदेव कुमार सोनबेर, नरेश कुमार, रविंद्र कुमार, मानसिंह जांगड़े, संतोष राव जगताप सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

