कोरबा : आयुक्त ने आर.पी. नगर में डोर-टू-डोर पहुंच कर घरों में सोलर पैनल लगवाने लोगों से किया आग्रह

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : आयुक्त ने आर.पी. नगर में डोर-टू-डोर पहुंच कर घरों में सोलर पैनल लगवाने लोगों से किया आग्रह


कोरबा 17 जून (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज बुधवार को नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्र. 31 राजेन्द्र प्रसाद नगर के नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत घरों में सोलर पैनल लगवाने हेतु आग्रह किया।

उन्होने पैदल भ्रमण करते हुये कालोनी में डोर-टू-डोर लोगों से संपर्क किया, योजना के लाभों, प्रावधानों व शासन से प्राप्त होने वाली सब्सिडी आदि की जानकारी दी तथा इसका लाभ उठाने हेतु प्रेरित व प्रोत्साहित किया, इस मौके पर वार्ड पार्षद अशोक चावलानी, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, सहायक अभियंता विपिन मिश्रा, राहुल मिश्रा, अश्वनी दास आदि उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महती योजना प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का क्रियान्वयन फरवरी 2024 में आमजनता के हित में किया गया था, जनहित में लागू की गई यह योजना आवासीय परिसरों, घरों में रूफ टाप सोलर पैनल संयंत्र स्थापित कर लोगों को बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, इसके माध्यम से उपभोक्ता न केवल अपने घरेलू बिजली आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त विद्युत को ग्रिड में प्रवाहित कर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं। भारत सरकार की यह पहल हर घर को ऊर्जा उत्पादक बनाने, बिजली हेतु आत्मनिर्भर करने तथा बिजली बिल के भार से मुक्त होने व इससे अतिरिक्त आय अर्जित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है। आज आयुक्त आशुतोष पाण्डेय निगम के वार्ड क्र. 31 राजेन्द्र प्रसाद नगर में डोर-टू-डोर पैदल भ्रमण करते हुये वहां के रहवासियों से मुलाकात की, उन्हें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुये योजना के लाभों से उन्हें अवगत कराया तथा उनसे अपील की कि वे अपने घरों में योजना के अंतर्गत सोलर पैनल लगवायें, बिजली उपभोक्ता के स्थान पर विद्युत उत्पादक बने तथा बिजली बिल के भार से मुक्त हो जाए।

आयुक्त श्री पाण्डेय ने वार्ड वासियों को बताया कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन द्वारा यह घोषणा की गई है कि निगम के जिन वार्डो के शत प्रतिशत घरों में सोलर पैनल स्थापित हो जाएगें, उन वार्डो को विकास कार्यो हेतु 01 करोड़ रूपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की जाएगी, जो वार्ड इस लक्ष्य को सर्वप्रथम पूरा करेगा, उस वार्ड के लिये यह राशि 02 करोड़ रूपये की होगी, अर्थात उस वार्ड में अतिरिक्त विकास कार्यो हेतु 02 करोड़ रूपये की राशि दी जाएगी। उन्होने बताया कि कलेक्टर कुणाल दुदावत ने योजना को सर्वप्राथमिकता पर रखते हुये इस हेतु आमजन को प्रेरित व प्रोत्साहित किये जाने के निर्देश दिये हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story