बस्तर ओलम्पिक में फुटबॉल मुकाबले के खिलाड़ियों का कमिश्नर ने बढ़ाया उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर ओलम्पिक में फुटबॉल मुकाबले के खिलाड़ियों का कमिश्नर ने बढ़ाया उत्साह


बस्तर ओलम्पिक में फुटबॉल मुकाबले के खिलाड़ियों का कमिश्नरने बढ़ाया उत्साह

जगदलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। बस्तर संभाग में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलम्पिक के तहत सोमवार को कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने दरभा विकासखंड के चिंगपाल में आयोजित खंड स्तरीय प्रतियोगिता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं के आयोजन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिता का सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर श्री सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए पेयजल, भोजन, ठहरने तथा चिकित्सा सुविधा के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। खेल के दौरान किसी खिलाड़ी को चोट लगने अथवा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता पड़ने पर बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए संबधित खिलाड़ी को उच्च चिकित्सा संस्थान में भी रिफर किया जाए।

इस अवसर पर कमिश्नर डोमन सिंह सीनियर बालक वर्ग के छिन्दावाड़ा एवं चिंगपाल के मध्य आयोजित होने वाले फुटबॉल फाइनल मुकाबले के खिलाड़ियों से रूबरू हुए। उन्होंने दोनों टीमों के युवा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने तथा अनुशासन एवं टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग सुशांत पाल, सीईओ जनपद पंचायत एमआर कश्यप सहित अन्य अधिकारी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778255 Articles

Share this story