बस्तर ओलम्पिक में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे कमिश्नर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर ओलम्पिक में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे कमिश्नर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा


बस्तर ओलम्पिक में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे कमिश्नर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जगदलपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने मंगलवार को बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड मुख्यालय में आयोजित विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलम्पिक प्रतियोगिता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

कमिश्नर श्री सिंह ने बालक जूनियर वर्ग एवं बालिका जूनियर वर्ग की ऊंची कूद स्पर्धा के प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी तरह बालिका जूनियर वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता के अंतर्गत करीतगांव एवं करपावंड की टीमों के बीच आयोजित मुकाबले के खिलाड़ियों से भी परिचय प्राप्त किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने बालिका जूनियर वर्ग लंबी कूद तथा गोला फेंक प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण अंचलों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। बस्तर ओलम्पिक के माध्यम से गांवों के युवाओं और बालिकाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

कमिश्नर श्री सिंह ने प्रतियोगिता स्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए खिलाड़ियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खेल स्पर्धा के अनुरूप मैदान और आवश्यक खेल उपकरणों की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। महिला खिलाड़ियों की सुविधा के लिए पृथक चेंजिंग रूम तथा खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आयोजन स्थल पर आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, एंबुलेंस और चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि प्रतियोगिता के दौरान किसी खिलाड़ी को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए, पेयजल, जलपान एवं भोजन की समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।

इस दौरान जिला पंचायत खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति वनवासी मौर्य एवं क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि और एसडीएम अमित बेक, तहसीलदार जागेश्वरी पोयाम, सीईओ जनपद पंचायत श्वेता साहू समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी युवाओं के साथ ही खेलप्रेमी गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story