अगले बरस तू जल्दी आ... गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
अगले बरस तू जल्दी आ... गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


अगले बरस तू जल्दी आ... गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


धमतरी, 26 सितंबर (हि.स.)। 10 दिवसीय गणेश उत्सव के समापन के बाद शनिवार को शहर में गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला तेज हो गया। शुक्रवार को अनवरत बारिश के कारण अधिकांश श्रद्धालु बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं कर पाए थे। शनिवार को मौसम खुलते ही सुबह से ही श्रद्धालु उत्साह के साथ गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए लेकर निकल पड़े।

शहर की सड़कों पर सुबह से देर शाम तक गणपति बप्पा के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। मेटाडोर, पिकअप और अन्य वाहनों में सजी बड़ी-बड़ी प्रतिमाओं को श्रद्धालु रुद्रेश्वर घाट महानदी तक लेकर पहुंचे। घाट पर नगर निगम द्वारा मूर्ति विसर्जन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। बड़ी प्रतिमाओं को क्रेन और जेसीबी की सहायता से सुरक्षित तरीके से नदी में विसर्जित किया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाट पर बैरिकेडिंग की गई थी और नगर निगम के कर्मचारी सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। बड़ी प्रतिमाओं के साथ शहर के विभिन्न इलाकों से लोग छोटी गणेश प्रतिमाएं लेकर भी रुद्रेश्वर घाट पहुंचे और विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ बप्पा को विदाई दी। विसर्जन के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। अंबेडकर चौक से लेकर रुद्री मार्ग तक गणेश प्रतिमाओं को लेकर जाने वाले वाहनों की आवाजाही बनी रही। जगह-जगह श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाते हुए दिखाई दिए। कई स्थानों पर डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते और भक्ति गीतों पर झूमते हुए प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक लेकर पहुंचे। रंग-गुलाल उड़ाकर गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई देने का सिलसिला भी चलता रहा।

10 दिनों तक चला पूजा-अर्चना का दौर

10 दिनों तक पूजा-अर्चना, भजन और विभिन्न धार्मिक आयोजनों से गुलजार रहे शहर में शनिवार को विदाई के भावुक पल भी देखने को मिले। श्रद्धालुओं ने गणपति की आरती कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा अगले वर्ष फिर से बप्पा के आगमन की प्रार्थना के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया। सुबह से शुरू हुआ विसर्जन का दौर दोपहर और शाम तक जारी रहा। बारिश के कारण एक दिन विलंब के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और गणेश उत्सव का समापन श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के माहौल में हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story