राष्ट्रीय एकता दिवस पर कालेज छात्रोंं ने निकाली रैली

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय एकता दिवस पर कालेज छात्रोंं ने निकाली रैली


धमतरी, 02 नवंबर (हि.स.)।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर दो नवंबर को युवाओं में राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से शहर में विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। माय भारत जिला धमतरी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) जिला धमतरी एवं बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर पंचवटी कालोनी तक पहुंची। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के साथ बीकाम एवं एमकाम के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में देशभक्ति का संदेश और जुबां पर एकता के नारे लिए युवाओं ने पूरे मार्ग में उत्साह का संचार किया। विद्यार्थियों ने 'सरदार पटेल का था यह सपना, अखंड और अटूट हो भारत अपना' तथा 'जब तक सूरज चांद रहेगा, सरदार पटेल आपका नाम रहेगा' जैसे नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। पंचवटी कॉलोनी पहुंचने पर रैली का समापन हुआ।

इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के दूसरे चरण में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक ने प्राध्यापकों, कार्यालयीन कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 560 से अधिक रियासतों का विलय कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका दृढ़ संकल्प, राष्ट्रभक्ति और कुशल नेतृत्व आज भी देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। युवाओं को उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

आयोजन का उद्देश्य युवाओं में देशप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने के साथ समाज में आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे का संदेश प्रसारित करना रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक निरंजन कुमार, एनसीसी अधिकारी दिनेश्वर सलाम, माय भारत के जिला प्रतिनिधि, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कार्यालयीन कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story