बलरामपुर : महाविद्यालय विकास के प्रस्तावों पर बनी सहमति

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : महाविद्यालय विकास के प्रस्तावों पर बनी सहमति


बलरामपुर, 09 जुलाई (हि.स.)।शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में जनभागीदारी प्रबंधन समिति की बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक और अधोसंरचनात्मक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। बैठक में कर्मचारियों के हितों से लेकर नए विकास कार्यों और महाविद्यालय की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तक विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनभागीदारी कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि, अवकाश व्यवस्था, वर्तमान कर्मचारियों की सेवाएं यथावत रखने, आवश्यकता के अनुसार नई नियुक्तियां, जनभागीदारी निधि से विकास कार्य, प्रवेश शुल्क के पुनर्निर्धारण, वाणिज्य एवं बीसीए विभाग के लिए अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति तथा पीजीडीसीए और डीसीए पाठ्यक्रमों के एकीकरण जैसे प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। सभी प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए सहमति प्रदान की गई।

बैठक के बाद एसडीएम आनंद नेताम और तहसीलदार मनोज पैकरा ने महाविद्यालय परिसर और भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान महाविद्यालय की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, अधोसंरचना के विस्तार और नए भवन निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में प्राचार्य रोज लिली बड़ा, सांसद प्रतिनिधि रमेश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता, रमेश खैरवार, एस.बी. यादव तथा समिति के सदस्य पवन गुप्ता, अनुप गुप्ता, मुकेश केशरी, टी.आर. शर्मा, रश्मि गुप्ता, तारावती सिंह, शिवपद शिकदार, आकाश तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में समिति अध्यक्ष विकास गुप्ता ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय के शैक्षणिक और अधोसंरचनात्मक विकास के लिए निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story