जांजगीर-चांपा में बाढ़ की स्थिति नहीं, जल स्तर पर कलेक्टर की नजर, पीएम सूर्यघर और कचरा प्रबंधन में तेजी के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 18 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण करने के साथ-साथ नदियों के जल स्तर, मिनीमाता हसदेव बांगो परियोजना से छोड़े जा रहे पानी, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले की प्रमुख नदियों और नालों के जल स्तर की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि मिनीमाता हसदेव बांगो परियोजना से पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी के जल स्तर में वृद्धि हुई है, लेकिन वर्तमान में जिले में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। जल स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पानी की आवक में भी कमी दर्ज की गई है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि मिनीमाता हसदेव बांगो परियोजना के रेडियल गेटों से 40,484 क्यूसेक तथा प्लांट हाइडल से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह हसदेव नदी में कुल 49,484 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी की आवक अधिक होने के कारण बांध के गेट खोले गए थे। वर्तमान में आवक कम होने के बावजूद तटीय क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ा हुआ है, हालांकि अभी बाढ़ या खतरे जैसी स्थिति नहीं है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को नदी-नालों के जल स्तर और जल प्रवाह की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अलर्ट रहें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करें।
बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजना की जानकारी पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने और हितग्राहियों के घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
कचरा प्रबंधन को लेकर कलेक्टर ने जिले के सभी नगरीय निकायों के सीएमओ और जनपद पंचायतों के सीईओ को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने सेग्रीगेशन शेड, डम्पिंग स्थल और कचरा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था को व्यवस्थित रखने को कहा। घरों और अन्य स्थानों से एकत्रित कचरे का उचित पृथक्करण करते हुए गीले और सूखे कचरे का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि सेग्रीगेशन शेड नियमित रूप से क्रियाशील रहें और कचरे की अनियमित डंपिंग किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। निकाय और पंचायत क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, कचरा संग्रहण और निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। लापरवाही सामने आने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करने को भी कहा गया।
समय-सीमा की बैठक में लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में प्रकरणों का निराकरण करने और शासन की योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में ई-ऑफिस, पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा पंचायत, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन एवं विकास, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभाग के कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आरके तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

