कोरबा में नगरीय निकायों के विकास कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में नगरीय निकायों के विकास कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा


कोरबा, 27 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज गुरुवार काे नगरीय निकाय विभाग की मासिक समीक्षा बैठक लेकर योजनाओं और निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही सभी स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम कोरबा सहित सभी नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अप्रारंभ आवास निर्माण कार्यों को जल्द शुरू कराने और निर्माणाधीन आवासों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अमृत मिशन 2.0 के तहत स्वीकृत कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने कहा।

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सूखे और गीले कचरे के पृथक्करण तथा उसके बेहतर प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और सभी नगरीय निकायों में संचालित एसएलआरएम सेंटरों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नगरीय निकायों में राजस्व और कर वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कर वसूली की गति बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को नियमित निगरानी के माध्यम से राजस्व संग्रहण में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए कहा गया।

अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा के दौरान वर्ष 2024-25 और 2025-26 के स्वीकृत, प्रगतिरत, अपूर्ण और अप्रारंभ कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने, प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने और पूर्णता के करीब पहुंच चुके कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने कहा।

15वें वित्त आयोग और नगरीय क्षेत्रों में डीएमएफ के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने नगरीय निकायों में निर्माणाधीन स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और शौचालयों के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने कहा।

इसके अलावा सांसद मद, प्रभारी मंत्री मद, विधायक मद और प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story