बलौदाबाजार : जनपद पंचायतों में होगा विकासखंड स्तरीय पौधरोपण
- अब सेवा सेतु के माध्यम से बनेंगे राशन कार्ड
बलौदाबाजार, 14 जुलाई (हि.स.)। चालू मानसून सीजन में व्यापक पैमाने पर पौधरोपण के उद्देश्य से जिले के सभी जनपद पंचायतों में विकासखंड स्तरीय पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय - सीमा की बैठक में विभागीय कार्यो की समीक्षा के दौरान पौधरोपण हेतु आवश्यक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री शर्मा ने बताया कि, राज्य शासन के निर्देशानुसार राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को पारदर्शी व सुगम बनाया जा रहा है। अब राशन कार्ड सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने से बन जाएगा। हितग्राहियों को जनपद कार्यालय का चककर नहीं लगाने पड़ेगा और समय सीमा में राशन कार्ड बन जाएगा। उन्होंने खाद्य अधिकारी और जनपद सीईओ को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये।
गांव में मुक्तिधाम निर्माण,मरम्मत एवं शेड निर्माण को लेकर कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी जनपद सीईओ को स्पष्ट निर्देश दिये कि सभी अच्छी तरह जांच करवा लें कि किस ग्राम पंचायत में मुक्तिधाम निर्माण शेष हैं या मरम्मत योग्य हैं तथा शेड निर्माण नहीं हुआ है। जिस भी ग्राम पंचायत में आवशयक हैं वहां शीघ्र निर्माण के लिये प्रस्ताव तैयार कराएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही होने पर सबंधित की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।
युवाओ को दी गई नियुक्ति पत्र- जिले की नावाचारी पहल हम होंगे कामयाब पोर्टल के माध्यम से विभिन्न कंपनियों में नौकरी प्राप्त करने वाले 10 युवाओ को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। कलेक्टर श्री शर्मा ने नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए युवाओ को बधाई दी और इस पोर्टल में अन्य युवाओ को पंजीयन कराने प्रोत्साहित किया।
इस दौरान राजस्व प्रकरण, एग्रीस्टेक पंजीयन,स्वामित्व कार्ड, सीपी ग्राम्स,मुख्यमंत्री जनदर्शन,सेवा सेतु,सीएम हेल्पलाइन, समय सीमा के आवेदन, सुपोषित बचपन अभियान, नगर पालिकाओं में साफ सफाई,अतिक्रमण आदि की समीक्षा की गई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल,अपर कलेक्टर दीप्ती गोते, अभिषेक गुप्ता, ए.आर.टंडन, निशा नेताम मड़ावी,सीमा ठाकुर सहित एसडीएम,जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

