शिक्षक की भूमिका में नज़र आए कलेक्टर कुणाल दुदावत, बच्चों को पढ़ाया गणित

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक की भूमिका में नज़र आए कलेक्टर कुणाल दुदावत, बच्चों को पढ़ाया गणित




कोरबा, 30 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर कुणाल दुदावत शुक्रवार को शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने तरदा और सराईसिंगार के प्राथमिक स्कूलों का औचक निरीक्षण कर बच्चों की पढ़ाई का स्तर परखा। इस दौरान कलेक्टर ने ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल लिखकर बच्चों से हल करवाए और अंग्रेजी के पाठ पढ़वाकर उनका हिंदी में अनुवाद भी कराया। निरीक्षण के दौरान बिना सक्षम अनुमति के अनुपस्थित पाए गए दो शिक्षकों को नोटिस जारी करने और विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर दुदावत ने प्राथमिक शाला तरदा और सराईसिंगार में कक्षाओं के भीतर पहुंचकर बच्चों के साथ समय बिताया। उन्होंने विद्यार्थियों से गणित और अंग्रेजी से जुड़े सवाल पूछे तथा सही जवाब देने वाले बच्चों का उत्साह बढ़ाया। सराईसिंगार प्राथमिक शाला की पांचवीं कक्षा में कलेक्टर बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत करते नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने और मन लगाकर सीखने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दोनों स्कूलों में दर्ज और उपस्थित विद्यार्थियों की संख्या, गणवेश एवं पाठ्यपुस्तक वितरण, सुबह के नाश्ते और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई के साथ पोषण और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। तरदा प्राथमिक शाला की शिक्षिका को अंग्रेजी पढ़ाते समय उसका हिंदी अर्थ भी सरल भाषा में समझाने को कहा, ताकि बच्चों की विषय को समझने की क्षमता बेहतर हो सके।

कलेक्टर ने तरदा प्राथमिक शाला से लगे पुराने आंगनबाड़ी भवन को शीघ्र हटाने, नए शौचालय निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने, अधूरे किचन शेड का काम पूरा कराने और बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसर में स्वच्छता और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सराईसिंगार प्राथमिक शाला में बच्चों ने कलेक्टर के सामने शौचालय, किचन, खेल सामग्री और फर्नीचर की कमी का मुद्दा उठाया। कलेक्टर ने उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय में मरम्मत, रंगरोगन, नियमित साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षाओं में पर्याप्त पंखे और ट्यूबलाइट लगाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान दो शिक्षक बिना सक्षम अनुमति के अनुपस्थित पाए गए। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी करने और आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने तरदा और सराईसिंगार के स्कूल परिसरों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार, सुबह के नाश्ते और दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों के लिए नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769668 Articles

Share this story