जांजगीर-चांपा : एचपीवी टीकाकरण अभियान की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर सख्त, एक माह में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा : एचपीवी टीकाकरण अभियान की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर सख्त, एक माह में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश


जांजगीर-चांपा, 10 जुलाई (हि. स.)। जिले में 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की प्रगति को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज शुक्रवार काे स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली।

बैठक में अभियान की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अगले एक माह तक विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिलेभर में अधिक से अधिक टीकाकरण शिविर लगाए जाएं और स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने छात्राओं, अभिभावकों और पालकों से सीधे संपर्क कर एचपीवी वैक्सीन के महत्व और इसके लाभों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को नियमित मॉनिटरिंग करने, मैदानी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर जिले की सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण पूरा किया जाना चाहिए।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के सभी पालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी 14 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। जिले में कुल लगभग 11,380 पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि यह टीकाकरण रविवार और शासकीय अवकाश को छोड़कर जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित रूप से किया जा रहा है। टीकाकरण के लिए वही किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया हो, लेकिन 15वां जन्मदिन अभी न मनाया हो।

सीएमएचओ ने बताया कि आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड, फोटो पहचान पत्र अथवा अन्य वैध दस्तावेज मान्य होंगे। यदि किसी बालिका के पास दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं तो माता-पिता द्वारा हस्ताक्षरित शपथ-पत्र के आधार पर भी टीकाकरण किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान में सहयोग करें और अपनी बेटियों को समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में भागीदारी निभाएं।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story