जांजगीर-चांपा : सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर की सख्ती, ब्लैक स्पॉट और अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा : सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर की सख्ती, ब्लैक स्पॉट और अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश


जांजगीर-चांपा, 28 सितंबर (हि. स.)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज साेमवार काे जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, ब्लैक स्पॉट, अवैध अतिक्रमण, आवारा मवेशियों और यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधार कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को हटाने तथा सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने कहा। यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों को व्यवस्थित करने के साथ सड़कों पर रेडियम, रोड मार्किंग, संकेतक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर महोबे ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है। इसके लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने और ‘राहगीर योजना’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने कहा गया, ताकि दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ जिले की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके। बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार, जिला परिवहन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story