जांजगीर-चांपा जनदर्शन: 116 आवेदनों पर कलेक्टर सख्त, समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा जनदर्शन: 116 आवेदनों पर कलेक्टर सख्त, समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले में आयोजित आज मंगलवार काे साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में दूरस्थ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए। जनदर्शन में इस बार कुल 116 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, राशन कार्ड, पीएम किसान, आवास योजना और सामाजिक योजनाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

जनदर्शन में तहसील नवागढ़ के ग्राम पोड़ी निवासी अमरनाथ कश्यप ने भूमि सीमांकन कराने की मांग रखी। वहीं, पामगढ़ तहसील के ग्राम मेहंदी निवासी रामायण खुटे ने राशन कार्ड में केवाईसी नहीं होने की समस्या बताई। शिवरीनारायण तहसील के ग्राम सिंघुल निवासी रामस्वरूप केंवट ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के आवेदन में त्रुटि सुधार की मांग की।

इसी तरह ग्राम दुरपा निवासी सरस्वती यादव ने महतारी वंदन योजना में तकनीकी त्रुटि सुधार कराने के लिए आवेदन दिया, जबकि जांजगीर तहसील के नैला भाठापारा वार्ड क्रमांक 2 निवासी लक्ष्मी प्रसाद सूर्यवंशी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जनदर्शन कार्यक्रम प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनता जा रहा है, जहां लोग अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के समक्ष रखकर त्वरित समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story