नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं एसपी ने किया श्री दुर्गा पूजा उत्सव नैला आयोजन स्थल का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं एसपी ने किया श्री दुर्गा पूजा उत्सव नैला आयोजन स्थल का निरीक्षण


नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं एसपी ने किया श्री दुर्गा पूजा उत्सव नैला आयोजन स्थल का निरीक्षण


प्रदेशभर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आयोजन समिति के सदस्यों से की चर्चा

पार्किंग, प्रवेश-निकासी, स्वच्छता, फायर सेफ्टी, एम्बुलेंस एवं बिजली व्यवस्था का लिया जायजा

जांजगीर-चांपा, 2 सितंबर (हि. स.)। आगामी नवरात्रि पर्व एवं जांजगीर-नैला में आयोजित होने वाले भव्य दुर्गा उत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आज बुधवार काे श्री दुर्गा पूजा उत्सव नैला के आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों से चर्चा कर पर्व के दौरान प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में आवश्यक जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शनार्थी जांजगीर-नैला पहुंचते हैं, इसलिए भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आयोजन स्थल पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था तथा वाहनों के व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारू आवागमन के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग तथा प्रवेश-निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर महोबे ने अधिकारियों को आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए। कलेक्टर ने फायर सेफ्टी की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहें। उन्होंने आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही बिजली व्यवस्था को दुरुस्त एवं सुरक्षित रखने तथा आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आयोजन समिति के सदस्यों से चर्चा करते हुए नवरात्रि पर्व के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन एवं आयोजन समिति के बीच समन्वय एवं सुरक्षा, यातायात, प्रवेश-निकासी, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने कहा। इस दौरान अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्क, एसडीएम सुब्रत प्रधान, राजेश पालीवाल, प्रदीप गोयल, संदीप शर्मा, विक्रम पालीवाल, विष्णु धानुका, संजय भोपालपुरिया, मनोज राव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story