बलरामपुर : समय-सीमा की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, निर्माण कार्यों में तेजी और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : समय-सीमा की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, निर्माण कार्यों में तेजी और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के निर्देश


बलरामपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन विकासखंडों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर सुधार किया जाए। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत पात्र बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों के शेष पात्र हितग्राहियों के लिए घर-घर अभियान चलाकर कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए। वहीं 9 से 12 माह के बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर भी विशेष जोर देते हुए शेष बच्चों का टीकाकरण शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने स्कूलों में नए शौचालय निर्माण और पुराने शौचालयों के मरम्मत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण कर कार्यों में गति लाने के लिए कहा।

आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग की समीक्षा के दौरान एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों, आश्रम भवनों तथा पीएम-जनमन योजना के तहत स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन और बहुउद्देशीय केंद्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने धीमी गति वाले कार्यों की लगातार निगरानी कर उन्हें समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

मानसून को देखते हुए जिले के बांधों के जलस्तर और उनकी स्थिति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खाद और बीज की उपलब्धता की जानकारी ली गई तथा किसानों को समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने सभी विभागों को वृक्षारोपण के लिए लक्ष्य निर्धारित कर कार्यालयों और संस्थानों में पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने को कहा। इसके अलावा वीबी जी रामजी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण तथा अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अपर कलेक्टर प्रमोद गुप्ता, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story