जांजगीर-चांपा : खरीफ सीजन की तैयारियों पर कलेक्टर सख्त, खाद-बीज उपलब्धता, केसीसी और एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा : खरीफ सीजन की तैयारियों पर कलेक्टर सख्त, खाद-बीज उपलब्धता, केसीसी और एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा


जांजगीर-चांपा : खरीफ सीजन की तैयारियों पर कलेक्टर सख्त, खाद-बीज उपलब्धता, केसीसी और एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा


जांजगीर-चांपा, 22 जून (हि. स.)। जिले में आगामी खरीफ सीजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और शासन की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में खरीफ फसल की तैयारियों, किसानों को खाद-बीज उपलब्धता, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), एग्रीस्टेक पंजीयन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों, लंबित प्रकरणों और मानसून पूर्व तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर ने कृषि विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि खेती-किसानी के कार्य प्रभावित न हों। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की खाद-बीज की कमी नहीं होनी चाहिए और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।

बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी बैंकों के अलावा अन्य शासकीय एवं निजी बैंकों के माध्यम से भी किसानों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए शेष किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक पंजीयन किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कलेक्टर ने जनदर्शन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन और समय-सीमा के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को योजना की जानकारी दी जाए, जिससे अधिकाधिक हितग्राही मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठा सकें।

मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो। इसके अलावा पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण करते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागवार लक्ष्यों और उपलब्धियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर.के. तम्बोली, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story