जांजगीर-चांपा: कलेक्टर ने पटवारियों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, समयबद्ध निराकरण पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा: कलेक्टर ने पटवारियों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, समयबद्ध निराकरण पर जोर


जांजगीर-चांपा, 23 अप्रैल (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अनुविभाग पामगढ़ अंतर्गत पटवारियों की समीक्षा बैठक लेकर आज गुरुवार काे राजस्व कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। जनपद पंचायत सभाकक्ष पामगढ़ में आयोजित इस बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का निराकरण तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में कलेक्टर ने पटवारियों को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से निवास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रहकर ही वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है और उनका त्वरित समाधान संभव हो पाता है। मुख्यालय से अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व से संबंधित शिकायतें न्यूनतम रहें, इसके लिए अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करें। उन्होंने नक्शा और खसरा का नियमित मिलान कर रिकॉर्ड को अद्यतन रखने तथा प्रतिदिन पेंडेंसी की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही त्रुटि सुधार के लिए विशेष अभियान चलाने और ग्राम स्तर पर कैंप कोर्ट लगाकर मौके पर ही समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

अतिक्रमण के मामलों को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध कब्जों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अवैध खनन गतिविधियों पर निगरानी रखने और इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने को कहा। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र समयसीमा में जारी करने के निर्देश भी दिए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो।

आरबीसी 6-4 के प्रकरणों को संवेदनशील बताते हुए कलेक्टर ने इन मामलों की गंभीरता से जांच कर पात्र हितग्राहियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके अलावा सुशासन तिहार 2026 के सफल क्रियान्वयन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने बताया कि 1 मई से 10 जून 2026 तक जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति से अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत के सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम पामगढ़ आर.के. तम्बोली सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story