कोरबा : बारिश, कीचड़ और टूटे पुल के बीच कलेक्टर पहुंचे सुदूर गांव, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : बारिश, कीचड़ और टूटे पुल के बीच कलेक्टर पहुंचे सुदूर गांव, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का किया निरीक्षण


कोरबा : बारिश, कीचड़ और टूटे पुल के बीच कलेक्टर पहुंचे सुदूर गांव, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का किया निरीक्षण


कोरबा में पीएमजीएसवाय अधिकारियों को दिए निर्देश, बोले- सिर्फ मरम्मत नहीं, भविष्य के लिए मजबूत और टिकाऊ निर्माण जरूरी

कोरबा, 06 अगस्त (हि. स.)। बारिश के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की समस्या को देखते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गुरुवार को जिले के दूरस्थ इलाकों का दौरा कर क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का निरीक्षण किया। लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के कई गांवों में पुल और पुलियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर करीब 90 से 100 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पनगंवा, सुखरीताल, हरदेवा और सरमा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बारिश, कीचड़ और खराब रास्तों के बीच मौके पर पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। कई जगह रास्ते बेहद खराब होने के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सके, जिसके बाद कलेक्टर ने अपनी गाड़ी रास्ते में छोड़कर पैदल चलकर निरीक्षण स्थल तक पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की केवल तत्काल मरम्मत करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि भविष्य की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मजबूत और गुणवत्तापूर्ण निर्माण किया जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए पुलों और पुलियों का निर्माण वैज्ञानिक डिजाइन, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और मजबूत तकनीकी मानकों के आधार पर किया जाए, ताकि तेज बारिश और बाढ़ जैसी परिस्थितियों में भी ग्रामीणों का संपर्क बाधित न हो।

कलेक्टर ने ग्राम सुखरीताल और हरदेवा के बीच तेज बहाव से क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं से चर्चा करते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश खत्म होने के बाद यहां नए पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए, जिससे ग्रामीणों को स्थायी समाधान मिल सके।

इसके अलावा कलेक्टर ने ग्राम पनगंवा में बकई नदी पर क्षतिग्रस्त पुल का भी निरीक्षण किया। यह पुल प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत पनगंवा-सरमा मार्ग पर स्थित है। ग्रामीणों ने बताया कि पुल का बड़ा हिस्सा टूटने के कारण आवाजाही प्रभावित हो गई है। इस पर कलेक्टर ने पीएमजीएसवाय के कार्यपालन अभियंता सीएस तंवर को बाढ़ आपदा राहत मद से प्रस्ताव तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ग्राम सरमा और हरदेवा-सुखरीताल के बीच क्षतिग्रस्त पुलियों का भी निरीक्षण किया। सरमा में लोक निर्माण विभाग की पुलिया पर तत्काल मिट्टी भरकर आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीणों को तत्काल राहत मिल सके। वहीं सुखरीताल में बारिश समाप्त होते ही नई और अधिक मजबूत पुलिया निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सहित अन्य अधिकारी भी कठिन रास्तों को पार कर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं भी सुनीं और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ग्रामीणों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नाले उफान पर होने की स्थिति में उन्हें पार करने का जोखिम न उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story