बलरामपुर : सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की कलेक्टर ने की समीक्षा, खाद्यान्न वितरण मामले में की सीधी बातचीत

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की कलेक्टर ने की समीक्षा, खाद्यान्न वितरण मामले में की सीधी बातचीत


बलरामपुर, 17 जून (हि.स.)। बुधवार को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण को लेकर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समस्या के स्थायी समाधान पर केंद्रित होना चाहिए।

इसी क्रम में कलेक्टर ने विकासखंड राजपुर की ग्राम पंचायत सेवारी से संबंधित खाद्यान्न वितरण की शिकायत की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। शिकायत में बताया गया था कि उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न का आवंटन और आपूर्ति विलंब से पहुंचने के कारण वितरण कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मामले की वास्तविक जानकारी प्राप्त करने के लिए कलेक्टर ने स्वयं दूरभाष के माध्यम से शिकायतकर्ता एवं उचित मूल्य दुकान संचालक से चर्चा की। बातचीत के दौरान खाद्यान्न आपूर्ति में हो रही देरी की जानकारी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था सीधे तौर पर आम जनता और जरूरतमंद परिवारों से जुड़ी है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्यान्न वितरण से जुड़ी शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पात्र हितग्राहियों तक समय पर राशन पहुंचाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने सभी जिला अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और उसका प्रभावी तथा स्थायी निराकरण करें। शिकायतों के समाधान के दौरान शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन द्वारा सीएम हेल्पलाइन के लंबित एवं असंतोषजनक निराकरण वाले प्रकरणों की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story