दीपावली पर पटाखा दुकानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने कलेक्टर का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर पटाखा दुकानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने कलेक्टर का निर्देश


रायगढ़, 28 सितंबर (हि.स.)। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आज जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागवार योजनाओं, लंबित प्रकरणों और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निराकरण करने तथा मैदानी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

खसरा सत्यापन एवं गिरदावरी कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अनुविभागों के एसडीएम को शत-प्रतिशत गिरदावरी पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम स्वयं फील्ड में जाकर कार्य की प्रगति की नियमित निगरानी करें। डीसीएस सर्वे का कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने मैदानी अमले के साथ बेहतर कार्ययोजना बनाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

आगामी दीपावली को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने कहा कि पटाखा दुकानों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। बिना लाइसेंस संचालित होने वाली पटाखा दुकानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। सघन बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पटाखा दुकानों के संचालन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने लायसेंस जारी करने से पहले सुरक्षा मानकों को पुख्ता करने अधिकारियों को विक्रय केन्द्र एवं भंडारण स्थल का भौतिक सत्यापन करने के भी निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान बकेट क्लेम रिपोर्ट की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने डीडीए को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय-सीमा में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने तथा कार्य की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री घोषणा से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा प्रारंभ किए गए कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वीकृत कई कार्यों के लिए राशि जारी होने के बावजूद मैदानी स्तर पर कार्य प्रारंभ नहीं हो सके हैं। संबंधित जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ ऐसे कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार नियमानुसार निरस्तीकरण अथवा आगे की कार्रवाई के प्रस्ताव तैयार करें।

बैठक में न्यायालयीन लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केलो परियोजना के अंतर्गत भू-अर्जन एवं मुआवजा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ.प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम, सुश्री शिल्पा भगत सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story