रायगढ़ में सड़क सुरक्षा और औद्योगिक सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त
रायगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। रायगढ़ जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने आज कानून व्यवस्था संबंधी समीक्षा बैठक ली।
बैठक में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन, औद्योगिक सुरक्षा, कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, आबकारी अधिनियम, हिट एण्ड रन के प्रकरण, अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, चिट फण्ड संबंधी मामले के अंतर्गत कार्यवाही एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
बैठक में पूंजीपथरा से घरघोड़ा मार्ग सहित विभिन्न प्रमुख सड़क मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को सड़क के किनारे सुरक्षित पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग से यातायात बाधित न हो। इसके साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए टी-पॉइंट पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश भी दिए गए।
औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इंडस्ट्रियल सेफ्टी स्टैंडर्ड हैंडबुक तैयार करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों के पालन, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्यवाही के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों को व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराना है। औद्योगिक सुरक्षा से जुड़े निरीक्षणों और संबंधित व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अवैध उत्खनन से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पीएम रिपोर्ट से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, ताकि संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी की जा सके।
विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जिले के स्कूलों के आसपास तंबाकू एवं गुटखा बेचने वाली दुकानों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को इस संबंध में नियमों का पालन सुनिश्चित करने और उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
आगामी त्योहारों को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। नवरात्रि के दौरान स्थापित होने वाले दुर्गा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पंडालों के आसपास अग्नि सुरक्षा, पार्किंग, आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो ।
बैठक में आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एडिशनल एसपी पुष्पेन्द्र सिंह बघेल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

