खेतों में पहुंचीं कलेक्टर, खुद किया डिजिटल क्रॉप सर्वे का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
खेतों में पहुंचीं कलेक्टर, खुद किया डिजिटल क्रॉप सर्वे का जायजा


सूरजपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति देखने कलेक्टर रेना जमील शनिवार को विकासखंड सूरजपुर के ग्राम पर्री पहुंचीं। उन्होंने गांव के विभिन्न हिस्सों में स्थित खेतों तक पहुंचकर सर्वे की प्रक्रिया का जायजा लिया और स्वयं डिजिटल क्रॉप सर्वे कर फसल संबंधी जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया को देखा।

कलेक्टर ने सर्वे में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों से प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि खेत में वास्तविक रूप से बोई गई फसल का ही विवरण दर्ज किया जाए। उन्होंने फसल की पहचान और जानकारी दर्ज करने में सावधानी बरतने तथा किसानों से संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड को सही और त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे किसानों से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने सर्वे में लगी टीम को प्रत्येक प्रविष्टि की पुष्टि करने के बाद ही उसे दर्ज करने और कार्य को गंभीरता से पूरा करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर सर्वे कार्य की नियमित निगरानी करने, प्रगति में तेजी लाने और दर्ज की जा रही जानकारी की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी शिवानी जायसवाल, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story