सूरजपुर : कलेक्टर ने सार्थक आवासीय वॉलीबॉल अकादमी का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : कलेक्टर ने सार्थक आवासीय वॉलीबॉल अकादमी का किया निरीक्षण


सूरजपुर, 07 जुलाई (हि.स.)।मंगलवार को कलेक्टर रेना जमील ने जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित सार्थक आवासीय वॉलीबॉल अकादमी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अकादमी में संचालित खेल गतिविधियों, निर्माणाधीन वॉलीबॉल कोर्ट और बालक छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि आगामी 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस से पहले वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा का पालन करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने बालक खिलाड़ियों के छात्रावास का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों के रहने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें अभ्यास के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके।

उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत खेल अधोसंरचना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सार्थक आवासीय वॉलीबॉल अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सूरजपुर जिले का नाम रोशन करेंगे। साथ ही युवाओं को खेलों के प्रति अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने और जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने पर भी बल दिया।

निरीक्षण के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी, वॉलीबॉल संघ के सचिव रामश्रृंगार यादव, हाउसिंग बोर्ड की कार्यपालन अभियंता पवित्रा प्रधान, नेशनल रेफरी राजनाथ गुप्ता, बलवीर सिंह तथा आशीष सहित अन्य अधिकारी और खेल से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story