दिव्यांगों की राह आसान बनाने प्रतिबद्ध प्रशासन, निदान शिविर की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांगों की राह आसान बनाने प्रतिबद्ध प्रशासन, निदान शिविर की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा


दिव्यांगों की राह आसान बनाने प्रतिबद्ध प्रशासन, निदान शिविर की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा


धमतरी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का निराकरण करने के उद्देश्य से स्थानीय इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय निदान शिविर आयोजित किया जा रहा है।

जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा पहुंचे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सहायता की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में पहुंचने वाले दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। पंजीयन से लेकर स्वास्थ्य जांच और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तक की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जाए, ताकि प्रत्येक हितग्राही को शिविर का अधिकतम लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग और अन्य विभागों के स्टॉलों पर उपलब्ध सुविधाओं, पंजीयन प्रक्रिया तथा सहायता वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और योजनाओं के तहत मिल रहे लाभों की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्राथमिकता बरती जाए।

प्रशासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों को पूरा कर उनके जीवन को सुगम बनाना है। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा, भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के व्यास, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक डा. मनीष पांडे, शिक्षा विभाग के सहायक संचालक यदुनंदन वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story