स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर-एसपी ने सीएसईबी ग्राउंड का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर-एसपी ने सीएसईबी ग्राउंड का किया निरीक्षण


स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर-एसपी ने सीएसईबी ग्राउंड का किया निरीक्षण


कोरबा, 11 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मंगलवार को सीएसईबी ग्राउंड का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने समारोह स्थल पर मंच, बैठक, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को आयोजन स्थल पर मंच निर्माण के साथ साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 13 अगस्त को अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में सीआईएसएफ, पुलिस, नगर सेना, एनसीसी तथा स्काउट-गाइड की टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी। समारोह का आयोजन सुबह लगभग 9 बजे किया जाएगा। मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल, विधायक बिलासपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का छत्तीसगढ़वासियों के नाम प्रेषित संदेश का वाचन करेंगे।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं विभागों को सम्मानित किया जाएगा।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ ही शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी। जनपद कार्यालयों में जनपद अध्यक्ष तथा नगरीय निकायों में महापौर अथवा अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story