कलेक्टर ने 16 सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित कर पेंशन भुगतान आदेश प्रदान किया

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्टर ने 16 सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित कर पेंशन भुगतान आदेश प्रदान किया


जगदलपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में आज शुक्रवार काे आयोजित समारोह में 16 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें पेंशन भुगतान आदेश प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को दीर्घकालिक शासकीय सेवा पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लेकर अब तक की विकास यात्रा में शासकीय सेवकों का त्याग और योगदान अविस्मरणीय रहा है, जिन्होंने अपने निजी समय व पारीवारिक प्राथमिकताओं को समर्पित कर देश व समाज के उत्थान में अहम भूमिका निभाई है।

कलेक्टर ने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल सेवा से रिटायर हुए हैं, थके नहीं हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों से अपील किया कि कार्यालय से उनका नाता कभी समाप्त नहीं होता, इसलिए वे समय-समय पर अपने कार्यालयों में जाकर कनिष्ठ सहयोगियों और युवा पीढ़ी के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा अपने कई वर्षों के सेवाकाल के समृद्ध अनुभवों को उनसे साझा कर उनका मार्गदर्शन करते रहें। इसके साथ ही उन्होंने कर्मियों को अपनी दूसरी पारी को उत्साहपूर्वक जीने की सलाह देते हुए कहा कि शासकीय व्यस्तताओं के कारण जो समय वे अपने परिवार को नहीं दे पाए थे, अब उस समय का सदुपयोग परिजनों व नाती-पोतों के साथ बिताने तथा पठन-पाठन, लेखन व संगीत जैसे रचानात्मक कार्यों को पूरा करने में लगाएं।

कलेक्टर ने कहा कि एक सजग नागरिक के रूप में समाज के प्रति दायित्वों को रेखांकित करते हुए लंबे सेवाकाल के चलते कर्मचारियों को प्रशासनिक तंत्र और विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की गहरी समझ होती है। ऐसे में वे अपने आस-पास के आम नागरिकों को पेयजल, राशन अथवा स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों, जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन जैसे ऑनलाइन पोर्टलों की जानकारी देकर उनकी समस्याओं के निराकरण में सक्रिय सहयोग प्रदान कर सकते हैं। संबोधन के अंत में उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके कल्याण के लिए सतत प्रयासरत रहेगा और पेंशनर संघ के माध्यम से स्वास्थ्य शिविरों व अन्य आयोजनों के जरिए उनसे निरंतर जुड़ाव बना रहेगा।

इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना ने समारोह को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और जीवन के आगामी सफर के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story