कोरबा : दूरस्थ ग्राम नकिया में कलेक्टर की चौपाल, ग्रामीणों की सुनी समस्याएँ
कोरबा, 07 मार्च (हि. स.)। जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्राम नकिया में आज शनिवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत पीवीटीजी ग्रामीणों के बीच पहुँचे और आम के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि “मैं कलेक्टर हूँ, आपकी समस्याएँ सुनने आया हूँ।” कलेक्टर ने लेमरू, नकिया और श्यांग क्षेत्र का दौरा कर शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और ग्रामीणों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बाजार शेड निर्माण, कोतरा डाँड़ तक सड़क, खराखेत पारा में स्कूल भवन, आंगनबाड़ी, नकिया में विद्युतीकरण और पीएम आवास सहित कई मांगें रखीं। कलेक्टर ने सभी मांगों का परीक्षण कर यथासंभव जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। कुछ महिलाओं द्वारा महतारी वंदन योजना की राशि खाते में नहीं आने की शिकायत पर कलेक्टर ने संबंधित बैंक को सोमवार को गाँव में शिविर लगाकर जाँच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित ग्रामीणों को बताया कि नए लक्ष्य मिलने पर आवास निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। नकिया में विद्युतीकरण के लिए विद्युत विभाग को परीक्षण करने और बाजार शेड व सीसी सड़क निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू का निरीक्षण कर लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चिर्रा-श्यांग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर ठेकेदार को जून माह तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज कुमार गुरभेले, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

