कोरबा : जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, समयबद्ध निराकरण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, समयबद्ध निराकरण के निर्देश


कोरबा, 20 अप्रैल (हि. स.)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। कार्यक्रम में शहरी एवं दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न मांगों और शिकायतों के साथ पहुंचे।

कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

जनदर्शन में सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, खाद्य, वनाधिकार, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। वृद्धावस्था पेंशन के मामलों में समाज कल्याण विभाग को त्वरित परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश दिए गए। वहीं भूमि संबंधी मामलों में एसडीएम को जरूरी दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने और अनावश्यक विलंब न होने देने के निर्देश दिए गए।

भू-अर्जन प्रकरणों में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। खाद्यान्न भंडारण से जुड़े मामलों की जांच के लिए खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया गया।

वनाधिकार पट्टा से जुड़े आवेदनों पर आदिवासी विकास विभाग को पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। सीमांकन और नामांतरण के मामलों में निर्धारित शुल्क जमा होने के बाद एक माह के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।

पंडित दीनदयाल भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कर हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सरकारी भूमि से संबंधित मामलों में कलेक्टर ने सख्ती बरतने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र नागरिकों को आवेदन के लिए प्रेरित किया गया और संबंधित आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

कुदमुरा क्षेत्र में हाथी हमले में मृत सुरेश राजपूत के परिजनों को मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए, ताकि प्रभावित परिवार को राहत मिल सके।

इसके अलावा बिजली बिल सुधार और विद्युत लाइन शिफ्टिंग से जुड़े मामलों में भी संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार /हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story