जांजगीर चांपा : जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
जांजगीर चांपा, 25 मई (हि. स.)।
जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और जागरूकता अभियान की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के चिन्हित डार्क स्पॉट और ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतक, स्ट्रीट लाइट, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपाय समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
उन्होंने पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं आरटीओ विभाग को वाहनों की सतत जांच करने तथा स्वास्थ्य विभाग को गोल्डन ऑवर के दौरान एम्बुलेंस एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा गया।
कलेक्टर श्री महोबे ने राहवीर योजना और प्रधानमंत्री राहत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए। राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।
बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार, अपर कलेक्टर आर के तंबोली, जिला परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

