खेत की मेड़ पर पहुंचीं कलेक्टर, खुद किया डिजिटल क्रॉप सर्वे

WhatsApp Channel Join Now
खेत की मेड़ पर पहुंचीं कलेक्टर, खुद किया डिजिटल क्रॉप सर्वे


बलरामपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्रीस्टैक पंजीयन की स्थिति देखने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज शनिवार को रामचंद्रपुर क्षेत्र का दौरा किया। ग्राम चिनिया में खेतों तक पहुंचकर उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया देखी और खुद सर्वे कर इसकी पूरी प्रक्रिया को समझा।

कलेक्टर ने किसान रामचंदर के खेत में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे का जायजा लिया। उन्होंने किसान से एग्रीस्टैक पंजीयन के बारे में पूछा। किसान ने बताया कि उसका पंजीयन पूरा हो चुका है। इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम सरपंच से गांव में एग्रीस्टैक पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली और बाकी किसानों का पंजीयन जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन समय रहते पूरा होना जरूरी है। पंजीयन नहीं होने पर उपज बेचने के समय किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अधिकारियों को गांव के सभी पात्र किसानों का पंजीयन प्राथमिकता से पूरा कराने और किसानों को एग्रीस्टैक की उपयोगिता के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने एग्रीस्टैक पंजीयन के लिए लगाए गए शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से अब तक हुए पंजीयन की जानकारी ली और बाकी किसानों का पंजीयन जल्द पूरा करने को कहा। इस दौरान उन्होंने बकेट क्लेम से जुड़ी जानकारी भी ली और जरूरी निर्देश दिए।

खेत में वही फसल दर्ज हो, जो वास्तव में बोई गई है

इसके बाद कलेक्टर ने जनपद पंचायत रामचंद्रपुर पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे के काम का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वे की प्रगति की जानकारी लेते हुए किसानों की फसल का सही और व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों और सर्वे से जुड़े कर्मचारियों से कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे गंभीरता से किया जाए। खेत में वास्तव में बोई गई फसल का ही सही और त्रुटिरहित विवरण दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि यह काम सीधे किसानों के हित से जुड़ा है, इसलिए इसमें पूरी पारदर्शिता और सावधानी बरती जानी चाहिए।

इस दौरान अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम, तहसीलदार मनोज पैंकरा सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story