अछोटा धान खरीद केंद्र का कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण, किसानों से लिया फीडबैक

WhatsApp Channel Join Now
अछोटा धान खरीद केंद्र का कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण, किसानों से लिया फीडबैक


कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये आदान सहायता की दी जानकारी

धमतरी, 19 नवंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीद व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार को धान खरीद केंद्र अछोटा का आकस्मिक निरीक्षण किया।

उन्होंने केंद्र में धान खरीद, किसानों के पंजीयन, टोकन व्यवस्था तथा उपार्जन प्रक्रिया का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर एग्रीस्टेक पंजीयन, टोकन प्राप्त करने और धान विक्रय की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने पेयजल, बैठने सहित किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को कृषक उन्नति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान करने का प्रावधान है।

उन्होंने कहा कि शासन किसानों की आर्थिक उन्नति और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही किसानों को सुझाव दिया कि पतले धान का विक्रय करने से पहले मंडी में मिलने वाले भाव की जानकारी अवश्य लें। बेहतर कीमत मिलने की संभावना होने पर मंडी में विक्रय के विकल्प पर भी विचार करें। इसके बाद कलेक्टर ने मंडी बोर्ड द्वारा निर्माणाधीन गोदाम का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी ली और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी बसंत कोर्राम, सहकारी समिति के उप संचालक प्रदीप ठाकुर, मार्कफेड के सुनील सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779579 Articles

Share this story