री-नीट यूजी 2026 परीक्षा की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
री-नीट यूजी 2026 परीक्षा की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण


री-नीट यूजी 2026 परीक्षा की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण


जांजगीर-चांपा, 18 जून (हि. स.)। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आज गुरुवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। कलेक्टर ने केंद्रों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीयस्तर की परीक्षा में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्राध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा संचालन से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्राध्यक्षों से परीक्षा तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और संभावित चुनौतियों तथा उनके समाधान पर भी चर्चा की।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक समन्वय को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

वहीं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा केंद्रों और उनके आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने और परीक्षा केंद्रों के आसपास शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, डिप्टी कलेक्टर शशि कुमार चौधरी, केंद्राध्यक्ष, सिटी कोऑर्डिनेटर, नोडल प्रशासनिक अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नीट यूजी 2026 परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा परीक्षार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story