कलेक्टर-एसपी ने नीट परीक्षा तैयारियों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्टर-एसपी ने नीट परीक्षा तैयारियों का किया निरीक्षण


कलेक्टर-एसपी ने नीट परीक्षा तैयारियों का किया निरीक्षण


जांजगीर चांपा 1 मई 2026 (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने आगामी 3 मई को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित होने वाली नीट परीक्षा की तैयारी को लेकर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आज शुक्रवार काे निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्रों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली जाएं।

पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था ,पुलिस बल की तैनाती , केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने केंद्र प्रभारी को भी निर्देशित किया कि निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story