चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर खत्म , उत्तर छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, अंबिकापुर में तीन दिन में 7.8°C लुढ़का पारा

WhatsApp Channel Join Now


चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर खत्म , उत्तर छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, अंबिकापुर में तीन दिन में 7.8°C लुढ़का पारा


रायपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का प्रभाव समाप्त होते ही मौसम का मिजाज तेजी से बदल गया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में ठिठुरन अचानक बढ़ गई है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ के तापमान में इसके विपरीत बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में बीते तीन दिनों के भीतर रात का तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 11.4°C पर पहुंच गया है।

सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में बीते तीन दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 11.4 डिग्री पर पहुंच गया है, जबकि यहां अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया। इसी अवधि में पेंड्रारोड में रात का पारा 5 डिग्री और बिलासपुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे आया है। पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और बिलासपुर में 28.3 डिग्री रहा। इसके उलट बस्तर संभाग के जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री बढ़कर 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। यहां अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री रहा। मौसम के इस बदलाव के चलते अंबिकापुर और जगदलपुर के न्यूनतम तापमान में 8.7 डिग्री का बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से पहले 19 नवंबर को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री था, जो बादलों और नमी के कारण अगले तीन दिनों में बढ़कर 19.2 डिग्री तक पहुंच गया था। अब आसमान साफ होने और उत्तरी हवाओं के असर से तापमान में दोबारा तेज गिरावट आई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसमी तंत्र नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को राजधानी में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 30 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783298 Articles

Share this story