बलरामपुर : फर्जी दस्तावेजों के सहारे कोयला तस्करी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : फर्जी दस्तावेजों के सहारे कोयला तस्करी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार


बलरामपुर, 13 मई (हि.स.)। जिले के थाना चलगली पुलिस ने अवैध कोयला परिवहन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए कोयला परिवहन करने के मामले में कार्रवाई की है।

बलरामपुर पुलिस ने आज बुधवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, 22 मार्च 2026 की रात गश्त के दौरान ग्राम डोंगरो में सड़क किनारे ट्रेलर वाहन क्रमांक सीजी 13 एएल 4354 लावारिस हालत में खड़ा मिला। वाहन में कोयला लोड था। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान चालक द्वारा प्रस्तुत कोयला परिवहन संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया, जो फर्जी और कूटरचित पाए गए। इसके बाद थाना चलगली में अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत धारा 318, 338, 336 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ में बसेराकला निवासी सीताराम ने बताया कि ट्रांसपोर्टर अफताब खान से करीब 32 टन कोयला मंगाया गया था, जिसे ग्राम डोंगरो लाया जा रहा था। जांच में ट्रेलर चालक अक्षय कुमार, ट्रांसपोर्टर अफताब आलम और वाहन मालिक विनोद नायक की भूमिका सामने आई।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपितों को 12 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में अक्षय कुमार निवासी लांची, जिला सूरजपुर, अफताब आलम निवासी बोझिया, जिला रायगढ़ और विनोद नायक निवासी नवापारा, जिला रायगढ़ शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story