कोयला लदा तेज रफ्तार ट्रेलर रेलिंग तोड़कर गार्डन में पलटा, चालक घायल

WhatsApp Channel Join Now
कोयला लदा तेज रफ्तार ट्रेलर रेलिंग तोड़कर गार्डन में पलटा, चालक घायल


कोरबा, 06 अगस्त (हि. स.)। शहर के व्यस्ततम सर्वमंगला चौक पर बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कुसमुंडा क्षेत्र से कोयला लोड कर कनवेरी मार्ग की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए सर्वमंगला मंदिर के पास स्थित गार्डन में जा घुसा और पलट गया। हादसे के समय सड़क पर कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रात करीब 12 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर सर्वमंगला चौक से आगे मोड़ पर पहुंचा ही था कि चालक को अचानक झपकी आ गई। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे गार्डन में जा पलटा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

दुर्घटना के बाद ट्रेलर में लदा पूरा कोयला गार्डन में बिखर गया। ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। स्थानीय लोगों और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की सहायता से पलटे हुए ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई और वाहन मालिक को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए सर्वमंगला चौक पर यातायात प्रभावित रहा और मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सड़क किनारे लगी रेलिंग और सुरक्षा अवरोधक नहीं होते तो अनियंत्रित ट्रेलर सीधे सर्वमंगला मंदिर परिसर की ओर बढ़ सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story