सीएमएचओ डॉ. यू एल कौशिक का तबादला, डॉ. टोंडर को मिली जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
सीएमएचओ डॉ. यू एल कौशिक का तबादला, डॉ. टोंडर को मिली जिम्मेदारी


धमतरी, 17 सितंबर (हि.स.)। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन ने चिकित्सा अधिकारियों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों का प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरण करते हुए आगामी आदेश तक नई पदस्थापना की है। गुरुवार को जारी आदेश के तहत धमतरी जिले में भी स्वास्थ्य विभाग की प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डा अरुण कुमार टोंडर को प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला धमतरी पदस्थ किया गया है। वहीं चिकित्सा अधिकारी डा आदित्य सिन्हा को जिला अस्पताल धमतरी में प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

वर्तमान सीएमएचओ डा यू एल कौशिक का स्थानांतरण करते हुए उन्हें प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला अस्पताल मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी में पदस्थ किया गया है।डा. अरुण कुमार टोंडर सर्जरी विशेषज्ञ हैं। सिविल सर्जन रहते हुए वे प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ समय निकालकर जिला अस्पताल में मरीजों की सर्जरी भी करते रहे हैं। प्रभारी सीएमएचओ की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भी उन्होंने सर्जरी का काम जारी रखने की बात कही है।

सीएमएचओ के रूप में वे जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के समन्वय तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे। ब्लड बैंक प्रभारी एवं पैथोलाजिस्ट डा. आदित्य सिन्हा को जिला अस्पताल की प्रशासनिक कमान सौंपी गई है। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक के रूप में वे अस्पताल की रोजमर्रा की प्रशासनिक व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्टाफ के समन्वय, ड्यूटी व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी करेंगे। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के बीच उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। नई पदस्थापना आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story