मुख्यमंत्री साय 30 नवंबर काे देंगे स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात, मेकाहारा में 700 बिस्तरीय एकीकृत अस्पताल का शुरू होगा निर्माण कार्य

WhatsApp Channel Join Now

376 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनेगा एकीकृत अस्पताल, 33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 536 बिस्तरीय परिजन विश्राम गृह का भी होगा निर्माण

राज्य के पहले शासकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय और यूनिवर्सिटी में संचालित होने वाले नर्सिंग महाविद्यालय का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री

रायपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 30 नवंबर को राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे।प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री मेकाहारा परिसर में 376 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले 700 बिस्तरीय एकीकृत अस्पताल भवन का शिलान्यास करेंगे। इस अस्पताल में गर्भवती माताओं, नवजात शिशुओं एवं बच्चों के उपचार के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सुरक्षित प्रसव एवं नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित राज्य के पहले शासकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय और यूनिवर्सिटी में संचालित होने वाले पहले नर्सिंग कॉलेज का भी शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 536 बिस्तरीय परिजन विश्राम गृह के निर्माण की नींव रखेंगे। सेवादान आरोग्य फाउंडेशन के सहयोग से बनने वाले इस विश्राम गृह से दूर-दराज के क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों को ठहरने की सुविधा मिलेगी।

इन नई सुविधाओं से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ ही चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785495 Articles

Share this story