मुख्यमंत्री साय ने बस्तर की पावन धरा पर किया प्रधानमंत्री मोदी का आत्मीय अभिनंदन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री साय ने बस्तर की पावन धरा पर किया प्रधानमंत्री मोदी का आत्मीय अभिनंदन


जवानों के साथ दीपावली मनाने को बताया सम्मान और गौरव का क्षण

रायपुर, 8 नवंबर (हि.स.)। सुरक्षा जवानों के साथ दीपावली मनाने आज रविवार काे छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंच रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर की पावन धरा पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया है। मुख्यमंत्री ने रविवार काे जारी अपने शुभकामना संदेश में प्रधानमंत्री के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से आत्मीय आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर सहित पूरे प्रदेश के प्रति उनका विशेष स्नेह और जुड़ाव सदैव प्रेरणादायी रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बस्तर भय और हिंसा के अंधकार से निकलकर शांति, विश्वास और विकास के नए उजाले की ओर निरंतर अग्रसर है। बस्तर में बदलता परिवेश प्रदेश के लिए नई उम्मीदों और संभावनाओं के द्वार खोल रहा है।

उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पावन पर्व पर प्रधानमंत्री की वीर जवानों के बीच उपस्थिति उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सम्मान है। जवानों के साथ पर्व की खुशियां साझा करना उनके मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला आत्मीय कदम है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ को निरंतर मिलता रहे तथा प्रदेश शांति, समृद्धि और विकास के पथ पर नई ऊंचाइयां प्राप्त करे।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774177 Articles

Share this story