जगदलपुर में मुख्यमंत्री ने इंद्रावती नदी के पुल पर खड़े होकर लिया बाढ़ का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर में मुख्यमंत्री ने इंद्रावती नदी के पुल पर खड़े होकर लिया बाढ़ का जायजा


जगदलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। बस्तर संभाग में 23 से 26 सितम्बर तक हुई मूसलाधार बारिश के चलते इंद्रावती नदी भीषण बाढ़ आ गई है। भारी बारिश और जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि से बने बाढ़ के हालात का प्रत्यक्ष मुआयना करने सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं जगदलपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने इंद्रावती नदी पर बने नए पुल पर खड़े होकर जलभराव और उफनती नदी की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी के आस-पास डूबे इलाकों, जलमग्न भवनों और सुरक्षा व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नक्शे और तकनीकी आंकड़ों के जरिए जलस्तर, बहाव तथा बाढ़ के फैलाव की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड को पार करते हुए जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर पहुंच गया था, जिससे नदी के तटीय बस्तियों में पानी भर गया।

मुख्यमंत्री ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावितों तक राहत सामग्री, बचाव कार्य और स्वास्थ्य सुविधाएं तत्काल पहुंचाई जाएं तथा जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग जारी रखी जाए।

इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा और सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story